सेतापुर बाजार में छतों के करीब खींचे 33 हजार वोल्ट के खुले तार, व्यापारियों में चिंता; हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार?

सेतापुर बाजार में छतों के करीब खींचे 33 हजार वोल्ट के खुले तार, व्यापारियों में चिंता; हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार?

प्रतापगढ़। एनएच-931 (चिलबिला-अमेठी) सड़क चौड़ीकरण के दौरान सदर तहसील क्षेत्र के सेतापुर बाजार में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। बाजार में सैकड़ों दुकानों और मकानों की छतों के बेहद करीब से 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के खुले तार खींचे जाने का आरोप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तार इतने नजदीक हैं कि हाथ बढ़ाने पर उनकी पहुंच में आ सकते हैं। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

व्यापारियों के मुताबिक, शुरुआत में तार खींचने का विरोध किया गया था। आरोप है कि उस दौरान करीब 50 पुलिसकर्मियों का बल बुलाकर काम कराने का प्रयास किया गया था, जिसे जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद रोक दिया गया था। हालांकि, अब दोबारा पुलिस बल के इस्तेमाल की आशंका के बीच काम कराए जाने की बात कही जा रही है।

बाजार में पहले भी हो चुकी हैं स्पार्किंग और विस्फोट की घटनाएं

स्थानीय लोगों ने बताया कि बाजार के एक तरफ पहले से संचालित 33 केवी लाइन में आए दिन स्पार्किंग होती रहती है। पिछले नौ महीनों में दो बार भीषण विस्फोट होने की बात भी सामने रखी गई है। व्यापारियों के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 की आधी रात को हुए विस्फोट के दौरान आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दी थीं। इस घटना के फोटो और वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद होने का दावा किया गया है। अब बाजार के दूसरी तरफ भी 33 केवी की डबल लाइन खींचे जाने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

डीएम के आदेश के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप

बाजारवासियों के अनुसार, इस समस्या को लेकर 3 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ और सदर विधायक राजेंद्र मौर्य को सामूहिक पत्र देकर शिकायत की गई थी। इसके बाद 5 जून 2026 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 27 मई 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से अधिशासी अभियंता विद्युत को मौके पर टीम भेजकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद विभाग की ओर से मौके पर निष्पक्ष निरीक्षण और स्थायी समाधान नहीं कराया गया। व्यापारियों ने विभाग पर एकतरफा रिपोर्ट लगाने का भी आरोप लगाया है।

व्यापारियों ने रखीं ये प्रमुख मांगें

बाजारवासियों ने स्पष्ट किया है कि उन्हें सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों से कोई विरोध नहीं है, लेकिन लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है। उनकी मांग है कि स्थायी समाधान होने तक खुले तार खींचने और लाइन में विद्युत प्रवाह शुरू करने पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इसके साथ ही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए। एसडीएम सदर और विद्युत सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम से स्थानीय व्यापारियों एवं निवासियों की मौजूदगी में स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की गई है।

व्यापारियों ने प्रशासन से यह भी सवाल किया है कि यदि सुरक्षा संबंधी शिकायतों और आपत्तियों के बावजूद लाइन चालू की जाती है और कोई दुर्घटना या जनहानि होती है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? उन्होंने संबंधित अधिशासी अभियंता (XEN), एसडीओ (SDO) और जेई (JE) की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग बाजारवासियों की सुरक्षा संबंधी शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं और सेतापुर बाजार को हाईटेंशन तारों के संभावित खतरे से राहत कब मिलती है।

 

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें