होमगार्ड भर्ती के चिकित्सीय परीक्षण का एसएसपी ने लिया जायजा, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश अभ्यर्थियों की सुविधा, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर दिया जोर
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

एटा। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 के अंतर्गत पुलिस लाइंस एटा में अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण जारी है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलि स अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जि. ने पुलिस लाइंस पहुंचकर चिकित्सीय परीक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कहा कि चिकित्सीय परीक्षण की समस्त प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उन्हें परीक्षण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं इस प्रकार सुनिश्चित की जाएं कि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के आवागमन, बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ शालीनता एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें, जिससे भर्ती प्रक्रिया के दौरान बेहतर व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने चिकित्सीय परीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए। एसएसपी ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कोई समस्या या अव्यवस्था सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए, जिससे चिकित्सीय परीक्षण की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित होती रहे।











