प्रतापगढ़: कुंडा में ‘शकुन्तला अस्पताल’ की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, खटिया पर मरीजों के इलाज का आरोप
कुंडा/प्रतापगढ़। कुंडा थाना क्षेत्र के बेंती मेन रोड स्थित गड़रियन का पुरवा में संचालित बताए जा रहे शकुन्तला अस्पताल की कथित व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। सामने आई तस्वीरों में अस्पताल के अंदर मरीज को सामान्य बेड के बजाय खटिया पर लेटे हुए देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। अस्पताल की इमारत और परिसर की स्थिति भी बदहाल बताई जा रही है। आरोप यह भी है कि यहां पर्याप्त स्टाफ और योग्य चिकित्सकों की मौजूदगी के बिना मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहा है तो स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी जांच क्यों नहीं की जा रही है। ग्रामीण और गरीब परिवार इलाज के लिए ऐसे निजी अस्पतालों पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में चिकित्सा सुविधाओं और डॉक्टरों की योग्यता की जांच बेहद जरूरी है।
सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग की नजर इस अस्पताल तक कब पहुंचेगी? क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जांच और कार्रवाई होगी, या समय रहते अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा?
फिलहाल मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच और अस्पताल संचालक का पक्ष सामने आना बाकी है। दैनिक चक्र इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












