BIMSTEC देशों ने मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी फंडिंग से लड़ने का लिया संकल्प,गाजियाबाद में 6 देशों के 18 अधिकारियों ने लिया क्षमता निर्माण प्रशिक्षण
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
गाजियाबाद। ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (BPR&D) के सेंट्रल डिटेक्टिव ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, गाजियाबाद में 7 से 11 सितंबर 2026 तक मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद के वित्तपोषण (AML/CFT) से निपटने पर BIMSTEC क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत, बांग्लादेश, भूटान, म्यांमार, नेपाल और श्रीलंका के वित्तीय खुफिया इकाइयों, पुलिस, गृह मंत्रालय, रक्षा सेवाओं और प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़े 18 अधिकारियों ने हिस्सा लिया।समापन समारोह में उत्तर प्रदेश पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिदेशक श्री प्रकाश सिंह, IPS (सेवानिवृत्त) मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि वित्तीय अपराध अब किसी एक देश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि तेजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैल रहे हैं उन्होंने प्रशिक्षण से मिली सीख को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने पर जोर दिया।BPR&D-CDTI गाजियाबाद की निदेशक श्रीमती के. स्वर्णाम्बिका, IPS ने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी वित्तपोषण से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए देशों के बीच खुफिया तंत्र, संस्थागत सहयोग और जांचकर्ताओं का मजबूत नेटवर्क जरूरी है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण की सराहना करते हुए इसके सफल आयोजन के लिए आभार जताया। कार्यक्रम ने BIMSTEC देशों के बीच क्षमता निर्माण, परिचालन सहयोग और पेशेवर नेटवर्किंग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











