एटा पुलिस लाइन में होमगार्ड भर्ती का मेडिकल परीक्षण जारी, SSP डॉ. इलामारन ने परखीं व्यवस्थाएं
जिला संवादाता काव्यांश रावत एटा। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती-2025 के अंतर्गत पुलिस लाइन एटा में अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण जारी है। भर्ती प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने पुलिस लाइन पहुंचकर मेडिकल परीक्षण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कराया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के आवागमन, बैठने, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने, भीड़ नियंत्रण बनाए रखने और अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।
एटा पुलिस ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई है।











