नगरीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर, त्योहारों से पहले दुरुस्त होगी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समय से जारी करने, अतिक्रमण हटाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
नगरीय क्षेत्रों में जनसुविधाओं को बेहतर बनाने, राजस्व वृद्धि और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से नगरीय निकायों एवं डूडा विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार लाने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों को देखते हुए अधिकारियों को प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही, लंबित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्धारित समयसीमा के भीतर जारी करने तथा अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर कार्रवाई करने और गौशालाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचाने तथा नगरीय सुविधाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए गए।











