धान की फसल का नुकसान होने पर 72 घंटे में दें सूचना, तभी मिलेगा बीमा लाभ
प्रतापगढ़। बारिश और तेज हवा से धान की फसल को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने बीमित किसानों से 72 घंटे के भीतर सूचना देने की अपील की है। किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि खेत में कटाई के बाद सुखाने के लिए रखी धान की फसल को बारिश और तेज हवा से हुए नुकसान की सूचना भी निर्धारित समय में दी जा सकती है। हालांकि, जलभराव से हुई क्षति इसमें शामिल नहीं होगी। शिकायतों के आधार पर सर्वे कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जाएगी।
किसान टोल फ्री नंबर 14447, व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 7065514447, क्रॉप इंश्योरेंस एप और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जिला कृषि अधिकारी और उप कृषि निदेशक कार्यालय में लिखित आवेदन भी दिया जा सकता है।
शिकायत के समय आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, पंजीकृत मोबाइल नंबर और फसल बीमा पॉलिसी के दस्तावेज उपलब्ध रखना जरूरी है। अशोक कुमार ने किसानों से अपील की है कि फसल नुकसान होने पर देरी न करें और 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराएं।











