बलरामपुर के मोहसिन खान ने क्रिकेट में बनाई पहचान, ISPL सीजन-4 के ऑक्शन में पहुंचे, 15 नवंबर को होगी नीलामी
पचपेड़वा के युवा खिलाड़ी की उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर, ऑक्शन में चयन पर टिकी खेल प्रेमियों की निगाहें
संवाददाता शहंशाह बलरामपुर। क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का दम दिखाने का सपना लेकर आगे बढ़ रहे बलरामपुर के युवा खिलाड़ी मोहम्मद मोहसिन खान ने एक महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कल्याणपुर बरगदवा निवासी मोहसिन का चयन इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) के सीजन-4 के ऑक्शन के लिए हुआ है। आगामी 15 नवंबर को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में उनकी किस्मत का फैसला होगा।
मोहसिन खान AIMIM के जिला महासचिव मकसूद अहमद खान के भांजे हैं। उनके चयन की जानकारी सामने आने के बाद परिवार और क्षेत्र के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि ISPL सीजन-4 के ऑक्शन के लिए चयनित होने वाले मोहसिन जनपद बलरामपुर के पहले खिलाड़ी हैं।
एक छोटे से गांव से निकलकर क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचने की उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है। अब 15 नवंबर को होने वाले ऑक्शन में सभी की निगाहें मोहसिन खान पर रहेंगी।
मोहसिन की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों को उम्मीद है कि वह आगे चलकर अपने खेल के दम पर बलरामपुर को नई पहचान दिलाएंगे।











