गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर, पलटा आयशर ट्रक
एल्यूमिनियम रोल सड़क पर बिखरे, बस में सवार नहीं थे यात्रीबड़ा हादसा टला
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
महेशगंज (प्रतापगढ़)। गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बाबागंज के महेशगंज थाना क्षेत्र स्थित लोकैयापुर गांव के पास करीब 9:30 बजे दिल्ली से बनारस जा रही एक लग्जरी बस ने एल्यूमिनियम रोल लदे आयशर ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा एल्यूमिनियम का सामान हाईवे पर बिखर गया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक समेत सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया गया कि लग्जरी बस में यात्री सवार नहीं थे, केवल चालक और खलासी मौजूद थे।
घटना की सूचना के बाद संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। राहत की बात यह रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।











