एटा में हिस्ट्रीशीटर टॉप-10 अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, चुनाव की तैयारी तेज; 45 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

एटा में हिस्ट्रीशीटर टॉप-10 अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, चुनाव की तैयारी तेज; 45 पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

 संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। पुलिस लाइंस के सम्मेलन कक्ष में गुरुवार शाम 4 बजे सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी ने की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों की समीक्षा और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सबसे पहले हत्या, लूट, डकैती और नकबजनी के लंबित मामलों की थानावार समीक्षा की गई। एसएसपी ने इन मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एससी-एसटी अधिनियम और गोवध अधिनियम से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। महिला अपराधों को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। पॉक्सो एक्ट, दहेज हत्या, दुष्कर्म, शीलभंग और महिला हत्या के मामलों में प्रभावी कानूनी कार्रवाई कर पीड़िताओं को जल्द न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।

आगामी चुनाव को देखते हुए एसएसपी ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर सतर्कता बरतने को कहा। हिस्ट्रीशीटर और टॉप-10 अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने और शस्त्र जमा कराने के निर्देश दिए गए। दूसरे जिलों की सीमाओं पर समय से चेकिंग शुरू करने को कहा गया। पिछले चुनावों में चिन्हित क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदान केंद्रों की मौजूदा स्थिति का आकलन कर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। अदालत से जारी गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील और पुराने चुनावी मामलों में प्रभावी पैरवी के भी निर्देश दिए गए।

जनशिकायतों को लेकर एसएसपी ने यक्ष ऐप और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। विवेचनाओं में ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का प्रभावी इस्तेमाल करने और डिजिटल साक्ष्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त, चेकिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं और प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले 45 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र पंवार, पिलुआ थानाध्यक्ष संदीप राणा, एसओजी प्रभारी एसके निगम, सर्विलांस प्रभारी सुशील कुमार और निधौली कलां थानाध्यक्ष आदित्य खोखर सहित अलीगंज, नयागांव और अन्य थानों के उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी शामिल रहे।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। अंत में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, प्रभावी पुलिसिंग और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें