गाजियाबाद में 9 माह के मासूम की संदिग्ध मौत, मां ने पिता पर लगाया गला घोंटकर हत्या का आरोप
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र के बयाना गांव में नौ महीने के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे की मां प्रियंका ने अपने पति अभिषेक पर बेटे की गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।
दीपावली की रात पति-पत्नी के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक बेरोजगार है, जबकि उसकी पत्नी प्रियंका मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती है। दोनों की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। प्रियंका का आरोप है कि दीपावली की रात पति के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान अभिषेक ने उनके नौ महीने के बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
महिला के अनुसार, सोमवार सुबह वह अपनी सास के साथ मजदूरी करने गई थी। घर पर पति अभिषेक और ननद मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घर लौटने पर मृत मिला मासूम, गले पर मिले निशान
प्रियंका ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जब वह घर लौटी और बेटे के बारे में पूछा तो पति ने बताया कि बच्चा कमरे में सो रहा है। कमरे में जाकर देखने पर बच्चा मृत अवस्था में मिला। मां का आरोप है कि बच्चे के गले पर चोट के निशान थे। इसके बाद पति ने मौत को प्राकृतिक बताते हुए शव को गांव के पास दफना दिया।
बाद में मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर प्रियंका ने वेव सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई और पति पर हत्या का आरोप लगाया।
कब्र से निकाला जाएगा शव, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पिता अभिषेक को हिरासत में ले लिया है। एसीपी मसूरी प्रियाश्री पाल के अनुसार, जिलाधिकारी की अनुमति और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बच्चे के शव को कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मासूम की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।











