इटौरा बुजुर्ग चौराहे पर पुरानी रंजिश में घेरकर हमला करने, सोने की चेन व नकदी छीनने का आरोप
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊंचाहार (रायबरेली)।कोतवाली क्षेत्र के इटौरा बुजुर्ग चौराहे पर पुरानी रंजिश के चलते बस का इंतजार कर रहे दो युवकों के साथ मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इटौरा बुजुर्ग गांव के निवासी विमलेश्वर पाठक ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि गुरुवार को उनका 25 वर्षीय पुत्र अभिषेक अपने साथी तुषार के साथ इंदौर जाने के लिए बस पकड़ने चौराहे पर गया था। आरोप है कि चौराहे पर पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही गोलू पाठक, डब्बू सिंह, सोनू और शिवा पांडेय ने पुरानी रंजिश को लेकर दोनों युवकों को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उन पर टूट पड़े।
शिकायत के अनुसार, जब युवकों ने विरोध किया तो आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से जमकर मारपीट की। घटना के दौरान आरोपियों ने तुषार के गले से सोने की चेन, पांच हजार रुपये नकद तथा पर्स में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मनबोध तिवारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है। प्रकरण की गंभीरता से जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।











