एटा में दिनदहाड़े साइकिल चोरी: सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस कर रही तलाश
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े साइकिल चोरी की वारदात सामने आई है। रेवाड़ी मोहल्ले में गोमती माता मंदिर के पास एक घर के बाहर
खड़ी साइकिल को अज्ञात चोर उड़ा ले गया। चोरी की यह वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अरुण चौहान ने बताया कि उनके छोटे भाई की एटलस साइकिल घर के बाहर खड़ी थी। दोपहर में एक युवक वहां पहुंचा, पहले इलाके की रेकी की और फिर मौका पाकर साइकिल लेकर फरार हो गया। जब घर के लोग बाहर आए तो साइकिल गायब थी। घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित ने कोतवाली नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों में दिनदहाड़े चोरी की इस वारदात को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए ताकि इलाके में अपराधियों के हौसले पस्त हों।












