सकरौली में बुजुर्ग महिला से वसूली की शिकायत: सब्जी बेचने पर मांगे जाते थे पैसे, SSP ने दिए जांच के आदेश
संवाददाता अमन अहमद
सकरौली। थाना क्षेत्र के नगला गंगा गांव की एक बुजुर्ग महिला ने सब्जी बेचने के लिए रोजाना वसूली किए जाने की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्याम नारायण सिंह से की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SSP ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। पीड़िता सोमेश देवी गांव के बाहर स्थित एक मंदिर के पास लकड़ी के खोखे पर सब्जी बेचकर अपना गुजर-बसर करती हैं। उनका आरोप है कि मंदिर पर मौजूद एक व्यक्ति उनसे प्रतिदिन 100 से 200 रुपये तक की मांग करता है। जब वह पैसे देने से इंकार करती हैं, तो गाली-गलौज कर उन्हें परेशान किया जाता है।महिला का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी थाना सकरौली में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्याय के लिए राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल से मुलाकात की।
मंत्री बघेल ने SSP श्याम नारायण सिंह को पत्र लिखकर मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया। SSP ने मंगलवार दोपहर महिला की शिकायत सुनी और सकरौली थाना प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।












