एटा में लम्पी स्किन डिसीज को लेकर पशुपालकों को किया सतर्क
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। लम्पी स्किन डिसीज को लेकर पशुपालकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश शर्मा ने कहा कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देते ही संक्रमित गौवंश को तत्काल स्वस्थ पशुओं से अलग कर दें।
उन्होंने बताया कि लम्पी स्किन डिसीज का संक्रमण मक्खी, मच्छर और पिस्सुओं के माध्यम से फैल सकता है। ऐसे में पशु शेड की नियमित साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और सैनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। संक्रमित पशु को चरने के लिए बाहर न भेजें और उसके बर्तन समेत अन्य सामान अलग रखें।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पशुपालकों से बीमारी के उपचार में देरी और अंधविश्वास से बचने तथा तत्काल पशु चिकित्सक की सलाह लेने की अपील की। गंभीर स्थिति में तुरंत पशु चिकित्सा सहायता लेना जरूरी है। लम्पी के लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक या टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि मृत पशु के शव को खुले में न फेंकें, बल्कि सुरक्षित तरीके से उसका निस्तारण करें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ ससुराल में विवाद के बाद मायके आई विवाहिता की मौत, जांच में जुटी पुलिस












