कृषकों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण, जनपद स्तरीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर





गाजियाबाद।दिनांक 08.10.2026 सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (SMAE) के अंतर्गत आत्मा योजना के तहत जनपद स्तरीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए 100 से अधिकरणकृषकों के साथ-साथ प्राविधिक सहायक-बी, बीटीएम, एटीएम एवं अन्य तकनीकी कार्मिकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. शताक्षी, डॉ. प्रज्ञा एवं डॉ. क्षितिज द्वारा कृषकों को कृषि की नवीनतम तकनीकियों एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती, मृदा एवं बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन तथा कीट एवं रोग नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई।
विशेष रूप से कृषकों को समेकित कीट प्रबंधन (Integrated Pest Management–IPM) के संबंध में जानकारी देते हुए फसलों में कीट एवं रोगों की समय पर पहचान, निगरानी तथा आवश्यकतानुसार जैविक, यांत्रिक एवं रासायनिक विधियों के समन्वित प्रयोग के बारे में बताया गया। कृषकों को अनावश्यक एवं अत्यधिक कीटनाशक प्रयोग से बचने तथा आर्थिक क्षति स्तर के आधार पर कीट नियंत्रण उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही मिलेट्स फसलों—रागी, कोदो, सांवा एवं रामदाना आदि के उत्पादन एवं पोषण संबंधी महत्व से कृषकों को अवगत कराया गया तथा दैनिक आहार में मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों को सम्मिलित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कृषकों की कृषि संबंधी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, संतुलित उर्वरक प्रयोग, समेकित कीट प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि तकनीकियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी श्री अमित कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं तकनीकी कार्मिक श्री बिजेंद्र तोमर, श्री सतीश कुमार, इत्यादि उपस्थित रहे।











