प्रतापगढ़ चाय मांगने पर विवाद, ठेले वाले ने युवक पर खौलती चाय डालने का आरोप; गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़ शहर के राजपाल चौराहे पर चाय मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के झुलसने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत गड़वारा के शुकुलपुर निवासी मोनू शुक्ला चाय पीने के लिए भगवानदीन के ठेले पर पहुंचे थे।
आरोप है कि चाय देने से मना करने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद ठेला संचालक ने खौलती चाय से भरी केतली युवक के ऊपर डाल दी। घटना में मोनू गंभीर रूप से झुलस गया।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से नगर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।











