प्रतापगढ़ भगवान भरोसे सरकारी नलकूप दो साल से खराब पड़ी मोटर, ग्रामीणों को आधा किलोमीटर दूर से ढोना पड़ रहा पानी
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
सरकारी नलकूप की खराब मोटर पर समाचार
कंधई मधुपुर। मंगरौरा ब्लॉक के कंधई मधुपुर गांव में सरकारी नलकूप की मोटर पिछले करीब दो वर्षों से खराब पड़ी है। इससे गांव की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और करीब दो हजार ग्रामीणों को पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 वर्ष पहले गांव में स्थापित इस सरकारी नलकूप से बड़ी संख्या में लोगों को पेयजल की सुविधा मिलती थी। मोटर खराब होने के बाद नलकूप से पानी की आपूर्ति बंद हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार आपसी सहयोग से चंदा जुटाकर मोटर की मरम्मत कराई, लेकिन कुछ समय बाद मोटर फिर खराब हो गई। विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
ग्रामीण असगर उर्फ मुन्ने ने बताया कि नलकूप बंद होने के कारण लोगों को प्रतिदिन करीब आधा किलोमीटर दूर से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द नलकूप की मोटर ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।











