प्रतापगढ़ में मुर्गी फार्म पर मिला 25 वर्षीय युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
पट्टी के किठौली जलालपुर गांव की घटना, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई युवक की मौत; जांच में जुटी पुलिस
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के किठौली जलालपुर गांव में बुधवार सुबह मुर्गी फार्म पर 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान विवेक वर्मा पुत्र रामचंद्र वर्मा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक, विवेक वर्मा मुर्गी फार्म चलाते थे।
मंगलवार रात वह रोज की तरह फार्म पर सोने गए थे। बुधवार सुबह जब परिजन फार्म पर पहुंचे तो उनका शव देखकर स्तब्ध रह गए। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।












