वृद्धाश्रम में आटे में चूहे, चीनी में मिलीं चींटियां
औचक निरीक्षण में खुली व्यवस्थाओं की पोल, साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव पर जताई नाराजगी
एटा। कासगंज रोड स्थित आवासीय वृद्धाश्रम और वन स्टॉप सेंटर के औचक निरीक्षण में मंगलवार को व्यवस्थाओं की कई गंभीर कमियां सामने आईं। वृद्धाश्रम की रसोई में आटे के पात्र में चूहे और चीनी के पात्र में चींटियां मिलीं। खाद्य सामग्री के रखरखाव के साथ परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। निरीक्षण टीम ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मनीषा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चारू सिंह तथा अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण युगल चंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से वृद्धाश्रम और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वृद्धाश्रम के विभिन्न रजिस्टरों और उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। स्टॉक रजिस्टर मांगे जाने पर वृद्धाश्रम की प्रबंधक मिथलेश कुमारी ने बताया कि रजिस्टर सत्य प्रकाश द्वारा प्रधान कार्यालय ले जाया गया है। वहीं उपस्थिति पंजिका में सत्य प्रकाश के अनुपस्थित पाए जाने पर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली।
इसके बाद महिला एवं पुरुष शयनकक्षों के साथ रसोईघर का निरीक्षण किया गया। रसोई में आटे के पात्र में चूहे और चीनी के पात्र में चींटियां मिलीं। खाद्य सामग्री के रखरखाव में भी कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने इसे वृद्धजनों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए खाद्य सामग्री को सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से रखने के निर्देश दिए। परिसर में सफाई व्यवस्था भी कमजोर मिली और कूड़ेदान में कचरा जमा पाया गया।
उपस्थिति पंजिका के अनुसार वृद्धाश्रम में वर्तमान में 59 बुजुर्ग निवास कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा खान-पान, स्वास्थ्य, रहन-सहन और देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने वृद्धाश्रम के कमरों में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। प्रत्येक दिन कमरों में फिनायल का छिड़काव और पोछा लगाने के साथ ही खाद्य सामग्री के सुरक्षित एवं स्वच्छ रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके बाद टीम ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। यहां कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने के साथ केंद्र में रह रही महिलाओं के संबंध में जानकारी ली गई। निरीक्षण के समय केंद्र में चार महिलाएं मौजूद मिलीं।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि वन स्टॉप सेंटर में आने-जाने वाली प्रत्येक महिला के आगमन और प्रस्थान का समय आगंतुक पुस्तिका में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही केंद्र की व्यवस्थाओं और महिलाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी समय-समय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।











