संगम में लेटे हनुमान जी के गंगा स्नान पर अनामिका चौधरी निषाद ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक और पूजन
जिला संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज
संगम पर स्थित लेटे हुए हनुमान जी महाराज को इस वर्ष प्रथम बार मां गंगा द्वारा स्नान कराए जाने के पावन अवसर पर गंगा विचार मंच, राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की प्रांत संयोजक एवं पूर्व उपमहापौर अनामिका चौधरी निषाद ने दशाश्वमेध घाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया।

बताते चलें कि हर वर्ष सावन-भादो में जब मां गंगा और यमुना का जलस्तर बढ़ता है तो संगम तट पर विराजमान लेटे हुए हनुमान जी महाराज जलमग्न हो जाते हैं। इसे हनुमान जी का गंगा स्नान कहा जाता है। इस वर्ष गंगा जी के जल ने आज प्रथम बार हनुमान जी को स्पर्श कर स्नान कराया है, जिसे अत्यंत शुभ और मंगलकारी माना जा रहा है। इस अलौकिक संयोग पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
इस शुभ अवसर पर अनामिका चौधरी निषाद ने दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर लोक कल्याण, शहर की सुख-समृद्धि और सभी के मंगल की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए पूजन से पूरा घाट परिसर भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर अनामिका चौधरी निषाद ने कहा,
प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान जी की मान्यता है कि जब तक हनुमान जी गंगा स्नान नहीं करते, तब तक प्रयागराज में मानसून की पूर्णता नहीं मानी जाती। आज मां गंगा ने स्वयं आकर अपने प्रिय भक्त हनुमान जी को स्नान कराया है। यह हम सभी प्रयागराज वासियों के लिए सौभाग्य और शुभ संकेत है। यह संकेत है कि मां गंगा प्रसन्न हैं। हमने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर प्रार्थना की है कि मां गंगा इसी प्रकार अपनी कृपा सभी पर बनाए रखें और प्रयागराज को बाढ़ के प्रकोप से सुरक्षित रखें।” उन्होंने कहा कि लेटे हनुमान जी का गंगा स्नान करना प्रयागराज की संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा है।
पूजन कार्यक्रम के दौरान घाट पर “हर-हर गंगे, जय श्री राम, जय बजरंगबली” के जयकारे गूंजते रहे। पूजन के पश्चात प्रसाद का वितरण भी किया गया।
इस दुग्धाभिषेक पूजन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिवा त्रिपाठी पूर्व पार्षद एवं मंडल उपाध्यक्ष वेणीमाधव मंडल,अरुण निषाद महानगर बीजेपी, अन्नू निषाद सेक्टर प्रभारी दारागंज सेक्टर, नीलम शुक्ला मंडल अध्यक्ष, जान्हवी निषाद महानगर संयोजक सांस्कृतिक विरासत,सुमन बाला, सोनू अरोरा जिला सह संयोजक,भीम सिंह मंडल अध्यक्ष बक्सी खुर्द, आशुतोष श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्यजन, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











