छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित मां समेत गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल बरामद
संवादाता: पंकज मिश्रा
कन्नौज। दीपावली के त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस सनसनीखेज वारदात के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना के 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की लाइसेंसी पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। इस हत्याकांड में अमोल के पिता अवध बिहारी दीक्षित का नाम भी मुकदमे में शामिल किया गया है। पुलिस मामले में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।











