बाबागंज में विधायक की दावेदारी के बीच गुड्डू राज पासी पर दुष्कर्म का मुकदमा, सियासी हलचल तेज
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
सपा से टिकट मिलने की जता रहे थे उम्मीद, मुकदमा दर्ज होने के बाद राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं शुरू
कुंडा/प्रतापगढ़। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बाबागंज क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे गुड्डू राज पासी अब एक गंभीर मुकदमे को लेकर चर्चा में हैं। दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद उनकी राजनीतिक दावेदारी पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि गुड्डू राज पासी पिछले कुछ समय से बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में जुटे थे। वह खुद को विधायक पद के दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि समाजवादी पार्टी इस बार बाबागंज विधानसभा सीट से उन्हें प्रत्याशी बना सकती है।
लेकिन दुष्कर्म के मुकदमे के बाद उनके सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब राजनीतिक गलियारों में यह सवाल उठ रहा है कि इस प्रकरण का उनकी चुनावी दावेदारी पर क्या असर पड़ेगा।
हालांकि, मामले में आरोपी का पक्ष और पुलिस की जांच एवं आगे की कार्रवाई सामने आना बाकी है। फिलहाल मुकदमे में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच का विषय है।











