एटा: DJ फ्लोर पर दो मासूमों की मौत—छीना-झपटी में चली गोली, एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरा फरार।
संवादाता अमन अहमद।
एटा के नयागांव क्षेत्र में भात की दावत के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में डीजे फ्लोर पर डांस कर रहे दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 6 दिसंबर की रात गांव उभई असदनगर में हुई, जहां शादी से पहले आयोजित दावत में अचानक चली गोली ने खुशियों को मातम में बदल दिया। कार्यक्रम के दौरान गांव का ही लाल मोहम्मद अपनी दुनाली बंदूक लेकर वहां पहुंचा। इसी बीच मुबीन नामक युवक ने बंदूक को हर्ष फायरिंग के लिए हथियाने की कोशिश की। छीना-झपटी के दौरान अचानक गोली चल गई, जो डांस कर रहे 12 वर्षीय सोहेल और उसके 17 वर्षीय चाचा शाहरुख को जा लगी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 7 दिसंबर की सुबह गांव के पास से एक आरोपित मुबीन को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य आरोपी लाल मोहम्मद अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है। मृतक सोहेल के पिता असुद्दीन की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नयागांव थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के अनुसार, “फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।












