एटा में संदिग्ध हालात में युवक ने लगाई फांसी, मौत से गांव में मचा कोहराम
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। जनपद एटा के थाना बागबाला क्षेत्र अंतर्गत गांव खड़उआ में मंगलवार को एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि युवक ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों को जैसे ही घटना की भनक लगी, वे तत्काल युवक को फंदे से उतारकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एटा लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन युवक के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना की सूचना स्थानीय स्तर पर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आया। वहीं युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे क्या वजह रही, यह फिलहाल रहस्य बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना के बाद गांव खड़उआ में शोक की लहर है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।












