मां को बचाने कूदी बेटी की कुएं में डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा। जिले के बकेवर क्षेत्र के लालपुरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मां को बचाने के लिए कुएं में कूदी बेटी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि किसी बात से नाराज होकर महिला अचानक गांव के पास बने कुएं में कूद गई। मां को कुएं में गिरता देख उसकी नाबालिग बेटी भी उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन बेटी को बाहर निकालने तक उसकी डूबने से मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












