भीषण गर्मी में जल संकट गहराया, कौड़िहार बाजार की जनता बेहाल
लखनऊ राजमार्ग क्षेत्र की जल आपूर्ति ठप, टंकी चालू होने के बावजूद पानी नहीं पहुंच रहा
संवाददाता प्रयागराज/कौड़िहार:कौड़िहार ब्लॉक अंतर्गत कौड़िहार बाजार में भीषण गर्मी के बीच जल संकट विकराल होता जा रहा है। इलाके में लगभग 50 वर्षों से स्थापित जल निगम की पानी की टंकी अभी चालू है, लेकिन लखनऊ राजमार्ग क्षेत्र की जल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो चुकी है, जिससे आम जनमानस त्राहि-त्राहि कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब से राष्ट्रीय राजमार्ग का चौड़ीकरण शुरू हुआ है, तभी से लखनऊ रोड की जल आपूर्ति में रुकावट आ गई है। सड़क निर्माण कार्य तो पूरा हो चुका है, लेकिन जल निगम विभाग के अधिकारी अब भी ‘कुंभकरणीय नींद’ में सोए हुए हैं।
ग्रामीणों ने कई बार जल निगम और अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया, टेलीफोन वार्ता की, लेकिन हर बार आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। परिणामस्वरूप लखनऊ राजमार्ग क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भटकना पड़ रहा है।
गर्मी का प्रकोप अपने चरम पर है और ऐसे समय में पानी की अनुपलब्धता से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। महिला, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
स्थानीय नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि लखनऊ राजमार्ग क्षेत्र की जल आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो जनआंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
ये भी पढ़ें Etah: दस्तावेज़ों की हेराफेरी कर दी सुरक्षा बलों की परीक्षा, पुलिस जांच में हुआ फर्जीवाड़ा उजागर












