बुलेट की ‘गर्जना’ पर लगाम, पुलिस ने 27 साइलेंसर किए चकनाचूर
कोतवाल ने जब्त साइलेंसरों पर चलवाया रोड रोलर, बुलेट सवारों में मचा हड़कंप
संवाददाता – शिवम् गुप्ता: प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में तेज़ आवाज़ करने वाले अवैध साइलेंसर लगाने वाले बुलेट चालकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाल अवन कुमार दीक्षित के नेतृत्व में थाने में जब्त किए गए अवैध साइलेंसरों को गुरुवार को सड़क पर रखकर रोड रोलर से कुचलवाया गया। इस दौरान कुल 27 साइलेंसरों को नष्ट किया गया, जिनमें अधिकांश बुलेट मोटरसाइकिलों के पटाखेदार अवैध साइलेंसर थे।
कोतवाल दीक्षित ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भविष्य में अगर किसी बुलेट या अन्य दोपहिया वाहन में ऐसा अवैध साइलेंसर पाया गया, तो वाहन को जब्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि चार पहिया वाहनों में अवैध हूटर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई के पीछे जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, एएसपी संजय राय और क्षेत्राधिकारी अमरनाथ गुप्ता के निर्देश हैं, जिनके तहत क्षेत्र में सड़क सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती से रोक लगाने का अभियान चलाया जा रहा है।

कोतवाल की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध साइलेंसर लगाकर सड़कों पर धमाचौकड़ी मचाने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की है, क्योंकि इन साइलेंसरों की आवाज़ से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता था, बल्कि स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों के आसपास आम जनता को भारी असुविधा होती थी।
पुलिस की ओर से यह संदेश स्पष्ट है — कानून तोड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। कुंडा पुलिस का यह एक कड़ा संदेश है कि यदि नियमों का उल्लंघन कर सड़क को रेस ट्रैक समझने की कोशिश की गई, तो कानून सख्ती से अपना काम करेगा।
ये भी पढ़ें Prayagraj: श्रृंगवेरपुर धाम में गंदगी का अंबार, आस्था के बीच फैली अव्यवस्था












