सादगी की मिसाल: ई-रिक्शा से मंदिरों का निरीक्षण करते दिखे हापुड़ डीएम और एसपी
स्टेट संवाददाता: विष्णु रावत हापुड़: जनपद हापुड़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञान जय सिंह इन दिनों अपने अलग अंदाज़ और सरल कार्यशैली के चलते चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दोनों अधिकारी ई-रिक्शा में सवार होकर शिवरात्रि पर्व की तैयारियों का निरीक्षण करते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छपकोली मंदिर सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए। बड़े वाहनों की बजाय ई-रिक्शा से निरीक्षण कर उन्होंने प्रशासनिक सादगी और जनसंपर्क का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे लोगों में उनकी सराहना हो रही है।
डीएम अभिषेक पांडे ने साफ कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगरपालिका और सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि नहर के किनारे वाले मार्गों को तुरंत समतल किया जाए। वहीं, एसपी कुंवर ज्ञान जय सिंह ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस रुख की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की जमीनी निगरानी से न केवल व्यवस्थाएं बेहतर होंगी, बल्कि आम जनता का प्रशासन पर भरोसा भी बढ़ेगा।
ये भी पढ़ें खुदाई के दौरान मिली भगवान बुद्ध की प्राचीन प्रतिमा, क्षेत्र में मचा उत्साह












