बंबे में डूबी तीन साल की मासूम, अगले दिन मिला शव – गांव में मातम का माहौल
संवादाता अमन अहमद: एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित नगला मोहन गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शनिवार शाम तीन वर्षीय मासूम बच्ची खेलते-खेलते घर के पास बने बंबे में गिर गई। बच्ची की पहचान विजेंद्र सिंह की पुत्री सुनीता के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुनीता घर के बाहर खेल रही थी। देर शाम तक जब वह दिखाई नहीं दी, तो परिवार को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। पास ही बने बंबे को देखकर परिजनों को आशंका हुई कि बच्ची उसमें गिर गई होगी। सूचना मिलने पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
बंबे के पानी का प्रवाह रोक कर उसकी गहराई में तलाश की गई। आखिरकार रविवार सुबह बच्ची का शव बंबे से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। मृत बच्ची के पिता विजेंद्र सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंबों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें किसानों के लिए राहत: बंदे का निर्माण कार्य हुआ शुरू, अब नहीं होगा फसल को बाढ़ से नुकसान












