छत्तीसगढ़ी सिनेमा में फिर गूंजेगा रोमांस का जादू : 29 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी नितेश लहरी कृत ‘दिलदार मोर यार
दमदार गीत-संगीत, शानदार स्टारकास्ट अउ रोमांचक प्रेम कहानी के संग बड़े पर्दा पर मचाही धमाल
जिला संवाददाता : ताम्रध्वज साहू
रायपुर / जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री एक बार फिर बड़े धमाके के लिए तैयार हो गई है। सिने साउंड प्रोडक्शन के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘दिलदार मोर यार’ अब 29 मई 2026 से प्रदेशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के निर्माता नंदिता सतपथी हैं, जबकि कहानी, पटकथा, संवाद और निर्देशन की कमान छत्तीसगढ़ी सिनेमा के प्रसिद्ध एवं प्रतिभाशाली निर्देशक नितेश लहरी ने संभाली है। नितेश लहरी इससे पहले पहुना, सोन चिरैया, आशिक मयावाले, मया होगे रे, मोर बाई हाई फाई और मंगलसूत्र जैसी चर्चित फिल्मों का सफल निर्देशन कर चुके हैं। अब वे अपनी नई प्रस्तुति ‘दिलदार मोर यार’ के जरिए दर्शकों के दिलों में फिर से जगह बनाने आ रहे हैं। फिल्म की कहानी प्यार, रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती नजर आएगी। हालांकि फिल्म की पूरी कहानी को अभी राज ही रखा गया है, लेकिन रिलीज हुए पहले गीत “तोर संग प्यार होगे” ने सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच जबरदस्त माहौल बना दिया है। 5 मई को रिलीज हुए इस गीत को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है और यही वजह है कि फिल्म को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। फिल्म में प्रमुख भूमिका में अज्जु सतपथी, भूपेश लिल्हारे, दीपिका सिंह और कंचन विश्वकर्मा नजर आएंगे। इनके अलावा विजय मिश्रा, श्वेता शर्मा, आकांक्षा देवांगन, जय गुप्ता, माही साहू, सिम्मी ध्रुव, अनिल पटेल, राजेन्द्र देवांगन, बलराज पाठक, प्रमिला रात्रे, नोखु सिंगौर, अमूल्य निधि मिश्रा, अखिलेश वर्मा और जयापति सहित कई कलाकार अपने अभिनय का जलवा बिखेरेंगे।फिल्म का संगीत पक्ष भी काफी मजबूत माना जा रहा है। संगीत की जिम्मेदारी अज्जु सतपथी ने निभाई है, जो इस फिल्म के जरिए अभिनेता, गायक और संगीतकार के रूप में पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। वहीं गीतों को अपनी खूबसूरत आवाज दी है मोनिका वर्मा और अज्जु सतपथी ने। गीतकार सलाम ईरानी के लिखे गीत फिल्म को और भी खास बनाते हैं।तकनीकी पक्ष की बात करें तो फिल्म का छायांकन लक्ष्मण यादव, संपादन गौरांग त्रिवेदी, एक्शन आनंद साहू, तथा डांस निर्देशन राम यादव ने किया है। मेकअप की जिम्मेदारी रज्जु और कॉस्ट्यूम डिजाइन लवकुमार ने संभाली है।
फिल्म से जुड़ी प्रमुख जानकारी –
फिल्म – दिलदार मोर यार
निर्माता – नंदिता सतपथी
लेखक/निर्देशक – नितेश लहरी
संगीत – अज्जु सतपथी
गीत – सलाम ईरानी
स्वर – अज्जु सतपथी एवं मोनिका वर्मा
छायांकन – लक्ष्मण यादव
संपादन – गौरांग त्रिवेदी
एक्शन – आनंद साहू
भाषा – छत्तीसगढ़ी
प्रदर्शन तिथि – 29 मई 2026
छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों के लिए यह फिल्म रोमांस, संगीत और मनोरंजन का शानदार पैकेज साबित हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘दिलदार मोर यार’ दर्शकों के दिलों में कितनी गहरी छाप छोड़ती है।












