सड़क चमकी, सिस्टम फेल: वार्ड 13 में अधूरी नाली बनी मौत का गड्ढा, जनता में उबाल
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा जिले के नवागढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में विकास कार्यों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सड़क निर्माण कार्य तो पूरा कर दिया गया, लेकिन नाली निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से वार्डवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। करीब दो माह पहले बनाई गई सड़क के दोनों किनारों पर गहरी खुदाई कर नाली निर्माण अधर में छोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्र में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार अधूरी नाली के कारण घरों तक पहुंचना तक मुश्किल हो गया है। कई परिवार लकड़ी और अस्थायी पुल बनाकर किसी तरह आवाजाही कर रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने अब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना भी जरूरी नहीं समझा। युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के सक्रिय नेता परमेश्वर पात्रे ने निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण में गंभीर अनियमितता और सुस्ती बरती जा रही है। यदि जल्द कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन और उच्च स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह महत्वपूर्ण मार्ग नवागढ़ को तोरा, बरबसपुर, बाघुल, बघली, टुरासिमरिया और अंधियारखोर जैसे बड़े गांवों से जोड़ता है। सड़क के दोनों ओर पानी जमा रहने से नई सड़क के समय से पहले क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाली निर्माण कार्य पूर्ण कराने, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और संभावित हादसों को रोकने के लिए जल्द कार्रवाई की मांग की है।












