ऊंचाहार में केबिन मैन की बड़ी लापरवाही: ट्रेन गुजरने के घंटे भर बाद भी नहीं खुला फाटक, केबिन में सोता मिला कर्मचारी
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊंचाहार (रायबरेली)। ऊंचाहार के अरखा से अकोढीया रोड पर स्थित सादे का बाजार (मजरे अरखा) रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार रात रेलवे कर्मचारी की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। केबिन संख्या 42/C पर देर रात ट्रेन गुजरने के बाद भी एक घंटे तक रेलवे फाटक नहीं खोला गया। इस दौरान क्रॉसिंग के दोनों ओर राहगीरों और वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग काफी देर तक परेशान खड़े रहे।
जब काफी समय बीतने के बाद भी फाटक नहीं खुला, तो राहगीरों का सब्र टूट गया। कुछ राहगीर कारण जानने के लिए खुद रेलवे केबिन के अंदर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सब हैरान रह गए—केबिन के भीतर तैनात रेलवे कर्मचारी गहरी नींद में सो रहा था। राहगीरों के काफी उठाने और जगाने के बाद भी कर्मचारी सुध में नहीं आ रहा था।
गुस्साए राहगीरों ने तुरंत इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो बना रहे लोगों का आरोप है कि कर्मचारी अत्यधिक नशे की हालत में था, जिसके कारण वह ट्रेन जाने के बाद फाटक खोलना ही भूल गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रेलवे क्रॉसिंग पर ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। राहगीरों ने इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर तीव्र आक्रोश जताते हुए रेलवे के उच्च अधिकारियों से संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। अरखा स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है तथ्यों के जांच करके रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।












