“महंगाई की मार, बेरोजगारी का वार और पेट्रोल संकट पर कांग्रेस का प्रहार : बेमेतरा में रविंद्र चौबे ने मोदी सरकार को घेरा, कहा – जनता त्रस्त, केंद्र मस्त”
जिला संवाददाता : ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। बेमेतरा में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को आम जनता विरोधी बताते हुए कहा कि आज देश का मध्यम वर्ग, किसान, युवा और गरीब परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है। पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री और आवश्यक वस्तुओं के दामों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिकों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता को राहत देने के बजाय “कम उपयोग” जैसी सलाह दी जा रही है।
किसानों के मुद्दे पर केंद्र सरकार घिरी
पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि देश में उर्वरक संकट गहराता जा रहा है। किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है तथा किसान आर्थिक दबाव में आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है।
रसोई से सड़क तक महंगाई की मार
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि वर्ष 2013 की तुलना में वर्तमान समय में आटा, दाल, तेल, गैस, पेट्रोल-डीजल सहित अधिकांश आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है।
विदेश यात्राओं और तेल नीति पर सवाल
पत्रकार वार्ता में केंद्र सरकार की विदेश नीति और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल रही है। साथ ही रणनीतिक तेल भंडारण और ईंधन मूल्य नियंत्रण को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए गए।
“आम आदमी कर्ज में डूब रहा”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी और बढ़ते खर्चों के कारण आम परिवार आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए लोगों को कर्ज लेना पड़ रहा है, जबकि केंद्र सरकार जमीनी समस्याओं के समाधान में असफल साबित हो रही है।
राजनीतिक माहौल हुआ गरम
पत्रकार वार्ता के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को मुद्दा बना रही है, वहीं भाजपा अपनी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के हित में बता रही है। आने वाले समय में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे राजनीतिक बहस के केंद्र में बने रहने की संभावना है। इस अवसर पर पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा, पूर्व विधायक गुरु दयाल बंजारे, युवा कांग्रेस बेमेतरा अध्यक्ष प्रांजल तिवारी, प्रणीश चौबे, मंगत साहू, ललित विश्वकर्मा, सुमन गोस्वामी, राजू साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












