नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार:मंगलपुर पुलिस ने वांछित युवक को दबोचा, न्यायालय में किया पेश
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
कानपुर देहात की मंगलपुर पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि मामले में अन्य नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। यह गिरफ्तारी कानपुर देहात पुलिस द्वारा महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पुलिस लगातार ऐसे मामलों में सक्रियता दिखा रही है।पीड़िता की मां ने 30 मई 2026 को मंगलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी 12 अप्रैल की सुबह पदमपुर गांव में अपनी बहन के घर से शौच के लिए निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी अक्षय अपने एक साथी के साथ कार से आया और किशोरी को अपने साथ ले गया। पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोपी पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और विवाद किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी अक्षय की तलाश कर रही थी।मंगलपुर पुलिस ने वांछित आरोपी अक्षय, जो धनीरामपुर थाना रूरा का निवासी है, को विरहाना ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि महिला और बालिकाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












