मारहरा में हाईमास्ट लाइट के कनेक्शन बॉक्स में लगी आग, बड़ा हादसा टला
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। जनपद के मारहरा कस्बे में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। हैदरी चौक स्थित तिराहे पर लगी नगरपालिका की हाईमास्ट लाइट के एमसीबी कनेक्शन बॉक्स में सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। आग लगते ही कनेक्शन बॉक्स से धुआं और लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत विद्युत उपकेंद्र को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे स्थिति और गंभीर होने से बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने स्वयं प्रयास कर आग पर काबू पाया और एक बड़े हादसे को टाल दिया। यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती, तो आग आसपास के क्षेत्र में फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी रामदुलारे यादव ने पालिका टीम को मौके पर भेजा। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्षतिग्रस्त एमसीबी कनेक्शन बॉक्स की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करा दिया। फिलहाल नगरपालिका की टीम हाईमास्ट लाइट को पुनः चालू करने के लिए आवश्यक तकनीकी कार्य में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।












