हरदोई: बस स्टैंड पर दर्दनाक हादसा, दो बसों के बीच फंसी महिला की मौत
मंडल संवाददाता अमित चौहान
हरदोई बस स्टैंड पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो बसें बेहद करीब आगे-पीछे हो रही थीं। इसी दौरान महिला दोनों बसों के बीच फंस गई। हादसे में महिला का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मृतका की पहचान और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।












