पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर फूटा पालकों का गुस्सा, जनदर्शन में कलेक्टर से लगाई गुहार

पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर फूटा पालकों का गुस्सा, जनदर्शन में कलेक्टर से लगाई गुहार

नियमित कक्षाएं प्रभावित, विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट; रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू  बेमेतरा। शहर के पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद शिवलाल राठी शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बेमेतरा में शिक्षकों की कमी को लेकर पालकों का आक्रोश अब जिला प्रशासन तक पहुंच गया है। सोमवार को आयोजित जनदर्शन में पालकों ने टोकन क्रमांक 22102033 के माध्यम से कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विद्यालय में रिक्त शिक्षकों के पदों पर तत्काल नियुक्ति करने की मांग की।

आवेदन में पालकों ने बताया कि विद्यालय में कई विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, शैक्षणिक गुणवत्ता और आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है।

पालकों ने कलेक्टर से मांग की है कि आवश्यक विषयों के शिक्षकों की शीघ्र पदस्थापना कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते रिक्त पद नहीं भरे गए तो विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति गंभीर रूप से प्रभावित होगी।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिक्षकों की कमी दूर होने से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा, नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होंगी और विद्यार्थियों को प्रतियोगी एवं वार्षिक परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।

जनदर्शन में यह आवेदन समस्त पालकगण की ओर से प्रस्तुत किया गया, जिस पर अनेक अभिभावकों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं। अब पालकों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी कब तक दूर होती है।

ये भी पढ़ें राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता का भव्य समापन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने विजेताओं को किया सम्मानित

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें