श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की सेवा हेतु शांति विलास हॉस्पिटल का निःशुल्क चिकित्सा शिविर निरंतर जारी
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज, 4 अगस्त।
श्रावण मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शांति विलास हॉस्पिटल, प्रयागराज द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया है। यह चिकित्सा शिविर कथा के समापन तक प्रतिदिन संचालित रहेगा, जिससे कथा में आने वाले श्रद्धालु आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ प्राप्त कर सकें।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ द्वारा रक्तचाप, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की जा रही है तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे में शांति विलास हॉस्पिटल की यह जनसेवा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध हो रही है।

शांति विलास हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अजय शुक्ला ने बताया कि कथा के अंतिम दिवस तक चिकित्सा शिविर निरंतर संचालित रहेगा, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। श्रद्धालुओं एवं आयोजकों ने अस्पताल की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।












