एयरपोर्ट पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर चोर, चोरी के सोने के जेवरात व नकदी बरामद
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एयरपोर्ट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के जेवरात और नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक थाना एयरपोर्ट में मु0अ0सं0 119/2026, धारा 305(A) बीएनएस के तहत चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 28 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने फुलवारी बाग, कटहुला गौसपुर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज पुत्र करन सिंह उर्फ झल्लर तथा भावेश पुत्र बलराम उर्फ बल्लू, दोनों निवासी ग्राम कटहुला गौसपुर, थाना एयरपोर्ट, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र का एक पेंडल, नाक की एक कील, एक माथबिंदी, एक जोड़ी कान के झुमके (सभी पीली धातु) तथा 150 रुपये नकद बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) एवं 331(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।











