मंगेतर की मौत के सदमे में युवक ने नहर में लगाई छलांग, तेज बहाव में लापता

मंगेतर की मौत के सदमे में युवक ने नहर में लगाई छलांग, तेज बहाव में लापता

 

संवाददाता। आयुष मिश्र होलागढ़। प्रयागराज जनपद के होलागढ़ थाना क्षेत्र के बभनपुर कोल्ड स्टोर के पास रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने शारदा सहायक नहर के पुल से छलांग लगा दी। घटना के बाद से युवक का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और ग्रामीणों की ओर से नहर में लगातार तलाश की जा रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शी बकरी चरा रहे एक बच्चे के अनुसार, युवक ने पुल के पास अपनी बाइक खड़ी की और देखते ही देखते नहर में छलांग लगा दी। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक बह गया। काफी प्रयासों के बावजूद देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

 

बताया जा रहा है कि लापता युवक मुकुंदपुर निवासी ओझा डॉक्टर का पुत्र है। परिजनों के अनुसार युवक की शादी तय थी, लेकिन जिस युवती से उसकी शादी होने वाली थी, उसकी कुछ दिन पूर्व करंट लगने से मौत हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत से युवक काफी आहत था और इसी सदमे में उसने यह कदम उठाया।

 

घटना की सूचना मिलते ही होलागढ़ थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू कराई। करीब एक किलोमीटर तक ग्रामीणों ने भी नहर में खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

 

थाना प्रभारी के अनुसार युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों को बुलाया गया है। इन दिनों गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने से नहर में पानी का बहाव तेज है, जिससे तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। फिलहाल पुलिस और ग्रामीण युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें