कलेक्ट्रेट जाने वाले मुख्य मार्ग पर गिरा पेड़, आवागमन बाधित
जिला संवाददाता आयुष मिश्रा, प्रयागराज
कौशाम्बी। शुक्रवार की रात तेज आंधी और बारिश के चलते जनपद मुख्यालय मंझनपुर में विकास भवन से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ डायट मैदान के पास सड़क किनारे खड़ा था। पेड़ के सड़क पर गिरने से विकास भवन, कलेक्ट्रेट और जनपद न्यायालय की ओर आने-जाने वाला मुख्य मार्ग बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान डायट मैदान के पास सड़क किनारे खड़ा पेड़ तेज हवा का झोंका सहन नहीं कर सका और जड़ समेत सड़क पर जा गिरा। पेड़ के गिरते ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा बाधित हो गया और दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी होने लगी।
गनीमत रही कि पेड़ गिरने के दौरान सड़क पर कोई बड़ा वाहन या राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं पेड़ गिरने से किसी तरह के आर्थिक नुकसान की भी सूचना नहीं है। हालांकि मुख्य मार्ग बाधित होने के कारण सरकारी कार्यालयों में आने-जाने वाले कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, फरियादियों और आम राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटवाकर मार्ग को सुचारु कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके। मुख्य मार्ग होने के कारण लोगों का कहना है कि पेड़ को जल्द हटाया जाना जरूरी है, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका भी न रहे।











