ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर मिला शव

ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत, फांसी के फंदे पर मिला शव

बाहरी लोगों के आने-जाने को लेकर पत्नी से होता था विवाद, परिजनों ने जताया संदेह

जिला संवाददाता आयुष मिश्रा, प्रयागराज

कौशाम्बी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में ससुराल में रह रहे एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव फांसी के फंदे पर मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नौगीरा गोसाई तारा चकपुर निवासी विजय कुमार (26) पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी के साथ सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मकान पर बाहरी लोगों के आने-जाने को लेकर विजय का अपनी पत्नी से आए दिन विवाद होता था। युवक द्वारा इसका विरोध किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

परिजनों के अनुसार रविवार सुबह विजय की पत्नी ने उसके फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिवार के लोग भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सैनी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वहीं, युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें