यूकेलिप्टस के पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

यूकेलिप्टस के पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 संवाददाता सुमित मिश्रा

बाबागंज/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पुरमई सुल्तानपुर के गोसाईं का पुरवा गांव में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। यूकेलिप्टस के पेड़ में उतरे विद्युत करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

गांव निवासी शिवकुमार यादव (उम्र करीब 50 वर्ष), पुत्र रामेश्वर प्रसाद यादव खेती-बाड़ी और पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके घर के दरवाजे के सामने छाया के उद्देश्य से यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हुए हैं। वह प्रतिदिन इन पेड़ों के नीचे अपनी भैंस बांधा करते थे और रात में पशुओं को घर के अंदर कर देते थे।

बताया जाता है कि यूकेलिप्टस के पेड़ के ऊपर से गांव में बिजली आपूर्ति के लिए नंगा तार गुजर रहा है। पेड़ की डालियां विद्युत तार के संपर्क में थीं, जिसके चलते पेड़ में करंट उतर आया था। शनिवार शाम शिवकुमार यादव भैंस बांधने के लिए पेड़ के पास पहुंचे। जैसे ही उनके शरीर का स्पर्श पेड़ से हुआ, वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी प्रभावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं उनकी तीन अविवाहित बेटियों और बेटे के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने बिजली के तारों से पेड़ों की डालियों के संपर्क में होने को हादसे की वजह बताते हुए विद्युत विभाग से ऐसे स्थानों पर तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना दोबारा न हो।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें