रायबरेली: जमीन बेचने को लेकर बढ़ा पारिवारिक विवाद, किसान की मौत; पत्नी और दो बेटों पर पिटाई का आरोप
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के कान्हामऊ गांव में जमीन के विवाद ने बुधवार को गंभीर रूप ले लिया। पारिवारिक कलह के बीच 54 वर्षीय किसान आशाराम पाल की मौत हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के दौरान आशाराम के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई थी। घटना में उसकी पत्नी और दो बेटों पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि आशाराम पाल का अपनी पत्नी शशिदेवी और बेटों रोहित पाल व गौरव पाल से लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, आशाराम द्वारा जमीन बेचने की बात कहे जाने के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया था।
बाग में बने मकान में हुआ विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब नौ बजे परिवार में विवाद हुआ। इसके बाद आशाराम गांव के बाहर बाग में बने अपने घर की ओर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसकी पत्नी और दोनों बेटे भी वहां पहुंचे, जहां एक बार फिर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
मारपीट में आशाराम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद पत्नी और दोनों बेटे मौके से चले गए।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों की सूचना पर पीआरबी पुलिस और सेमरी पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह बुंदेला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल आशाराम को एंबुलेंस से सीएचसी खीरों पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के भाइयों शीतला प्रसाद पाल और राम महेश पाल को घटना की सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाइयों के आने और शिकायती पत्र प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपों की जांच के साथ संबंधित लोगों की तलाश भी कर रही है।
ये भी पढ़ें टोहाना मंडी की कमेटी का हुआ गठन। मंडी मजदूर के जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने की।











