लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा मेगा कैम्प का भव्य एवं सफल आयोजित किया गया सचिव श्रीमती नेहा बनौधिया के पर्यवेक्षण में
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर











मेगा कैम्प का आयोजन न्याय एवं जनकल्याण का प्रभावी माध्यम: माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत,विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं की दी गई जानकारी
गाजियाबाद।दिनांक 01 नवम्बर, 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की सचिव श्रीमती नेहा बनौधिया के पर्यवेक्षण में जनपद न्यायालय परिसर, गाजियाबाद में विशाल मेगा कैम्प का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र व्यक्तियों को इनका लाभ उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश, गाजियाबाद श्री विनोद सिंह रावत द्वारा फीता काटकर मेगा कैम्प का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर एमएसीटी के पीठासीन अधिकारी श्री संजय वीर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम श्रीमती ललिता गुप्ता, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय श्रीमती पूनम सिंघल, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय डॉ. दिनेश चंद्र शुक्ला, विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी) श्री जितेंद्र मिश्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंचम श्री लोकेश वरुण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जसवीर सिंह यादव सहित जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ब्रह्मदेव त्यागी एवं सचिव श्री वरुण त्यागी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं न्यायिक अधिकारियों का विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा बैंड की मधुर धुन के साथ स्वागत किया गया। विद्यालय के बच्चों द्वारा गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके अतिरिक्त घरौंदा बाल गृह के बच्चों एवं एक दिव्यांग बालिका द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण भी किया गया।मेगा कैम्प में विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जनसामान्य को जागरूक करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई गईं। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गाजियाबाद द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जबकि यशोदा मेडिसिटी द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। जिला कारागार, डासना, गाजियाबाद की ओर से जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की कौशल प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके माध्यम से बंदियों की प्रतिभा, हुनर एवं आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित किया गया। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। साइबर जागरूकता शिविर के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही 112 हेल्पलाइन के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। अग्निशमन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा आग से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त लव टू हेल्प फाउंडेशन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा भी अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। मेगा कैम्प में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की ओर से उपस्थित पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs), पैनल अधिवक्ताओं एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम द्वारा आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्र व्यक्तियों के कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉलों एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया तथा संबंधित विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की गई।इस अवसर पर माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विनोद सिंह रावत ने मेगा कैम्प के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय, निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद की सचिव श्रीमती नेहा बनौधिया ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना, उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। इस प्रकार के मेगा कैम्प इसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रभावी पहल हैं।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा आयोजित मेगा कैम्प के माध्यम से न्याय, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद न्याय सबके लिए।











