बकुलाही नदी में मछली पकड़ने के जाल में फंसा अजगर, सर्प मित्र कृष्ण कुमार ने किया रेस्क्यू
बाघराय (प्रतापगढ़)। बाघराय क्षेत्र के कमासिन में प्राथमिक विद्यालय के सामने स्थित बकुलाही नदी में मछली पकड़ने के जाल में एक अजगर फंस गया। नदी में अजगर दिखाई देने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों में कौतूहल मच गया और उसे देखने के लिए सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ मछुआरे बकुलाही नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाए हुए थे। इसी दौरान एक अजगर जाल में बुरी तरह उलझ गया। काफी प्रयास के बाद भी जब वह जाल से बाहर नहीं निकल सका तो इसकी सूचना देवरी हरदो पट्टी निवासी सर्प मित्र कृष्ण कुमार को फोन पर दी गई।
सूचना मिलते ही सर्प मित्र कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक जाल को काटकर उसमें फंसे अजगर को बाहर निकाला। इस रेस्क्यू में स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। जाल में काफी देर तक फंसे रहने के कारण अजगर के शरीर पर चोटें आई थीं। इसके बाद सर्प मित्र कृष्ण कुमार अजगर को अपने घर ले गए, जहां उसका उपचार किया गया।
उपचार के बाद वन विभाग की टीम को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया और अजगर को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान रेस्क्यू की पूरी प्रक्रिया देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। सर्प मित्र की तत्परता और सूझबूझ से जाल में फंसे अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता मिली।











