लालगोपालगंज में लापता मासूम सारा का तालाब में मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप

लालगोपालगंज में लापता मासूम सारा का तालाब में मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप

दैनिक चक्र | संवाददाता

लालगोपालगंज, प्रयागराज। नगर पंचायत लालगोपालगंज के दानियालपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई करीब चार वर्षीय मासूम बच्ची सारा खान का शव सोमवार सुबह नगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित तालाब में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, दानियालपुर निवासी जफर आदिल की बेटी सारा खान रविवार शाम करीब 7:30 बजे लालगोपालगंज तिराहे के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। बच्ची के अचानक गायब होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग रातभर उसकी तलाश में जुटे रहे। मासूम की सकुशल वापसी के लिए सभी दुआएं कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में उसका शव मिलने की सूचना ने सभी को झकझोर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय चौकी इंचार्ज विनीत कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भेज दिया।

वहीं, परिजनों ने बच्ची के साथ अनहोनी होने और हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। तिराहे, नगर पंचायत कार्यालय और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्ची के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

कई सवाल छोड़ गई मासूम की मौत

आखिर मासूम बच्ची तिराहे से तालाब तक कैसे पहुंची? क्या वह खेलते हुए वहां पहुंच गई थी या उसके साथ कोई अन्य घटना हुई? इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।

इस दर्दनाक घटना से पूरे लालगोपालगंज में शोक का माहौल है। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हुई हैं।

अपील: मासूम सारा की तलाश के लिए जारी किए गए गुमशुदगी के पोस्टर अब साझा न करें। बच्ची का शव बरामद हो चुका है। परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करें और अपुष्ट खबरों या अफवाहों को फैलाने से बचें।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें