अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का शिकंजा, जेसीबी पर दो लाख का जुर्माना; पांच ट्रैक्टरों पर भी गिरी गाज।
संवादाता अमन अहमद।एटा। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जलेसर तहसील क्षेत्र के ग्राम नगवाई में बिना अनुमति मिट्टी का खनन करते पकड़ी गई जेसीबी मशीन पर जिलाधिकारी के निर्देश पर दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। वहीं, खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के मामलों में पकड़े गए पांच ट्रैक्टरों पर भी 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 3 नवंबर 2026 की रात ग्राम नगवाई में जेसीबी मशीन संख्या UP 82 AT 6312 से साधारण मिट्टी का खनन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इस दौरान जेसीबी स्वामी खनन से संबंधित कोई वैध अनुमति या अनुज्ञा पत्र नहीं दिखा सका। इसके बाद मशीन को कब्जे में लेकर थाना जलेसर में सुपुर्द कर दिया गया।
मामले में उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) (यथा संशोधित) नियमावली-2021 के नियम 3 एवं 58 का उल्लंघन पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जेसीबी स्वामी पर दो लाख रुपये का अर्थदंड आरोपित किया। इसके अतिरिक्त पांच ट्रैक्टरों पर कुल एक लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के किसी भी प्रकार का खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त वाहनों एवं मशीनों के खिलाफ जब्ती सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











