देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय में ‘रिफॉर्म उत्सव 2026’ के तीसरे दिन ‘समूह चर्चा’ एवं ‘जन संवाद’ का आयोजन।
जिला क्राइम रिपोर्टर सागर गोयल
पानीपत हरियाणा।
पानीपत, 26 नवंबर। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, पानीपत में सात दिवसीय ‘रिफॉर्म उत्सव 2026 – युवा रिफॉम्र्स फॉर विकसित भारत’ के अंतर्गत आज तीसरे दिन विद्यार्थियों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं महाविद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार से संबंधित विषयों पर समूह चर्चा (ग्रुप डिस्कशन) और जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. सुमन के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें डॉ. सुमन, ममता कंबोज, डॉ. मीतू एवं दीपिका ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित समूह चर्चा एवं जन संवाद सत्र में महाविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति योजनाओं, डिजिटल सेवाओं, परिसर की आधारभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थी-केंद्रित प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस खुले संवाद और समूह चर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों से इन व्यवस्थाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए। जन संवाद में विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया और व्यवस्थागत सुधारों के लिए कई उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए उन्हें संस्थागत सुधारों की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाना रहा। इस प्रकार ‘रिफॉर्म उत्सव 2026’ विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, जागरूकता और रचनात्मक सहभागिता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है।











